home page

सिरफिरे युवक ने तीन लोगों के ऊपर चाकू से हमला कर खुद का गला काटा, गिरफ्तार

 | 
सिरफिरे युवक ने तीन लोगों के ऊपर चाकू से हमला कर खुद का गला काटा, गिरफ्तार


नोएडा, 19 जून (हि.स.)। कुलेसरा गांव में रहने वाले सिरफिरे युवक ने शुक्रवार को दो बच्चों समेत तीन लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपित ने चाकू से अपना गला काट लिया। हालांकि, सभी की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस का दावा है कि आरोपित दिमागी रूप से कमजोर है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

थाना ईकोटेक -3 के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि कुलेसरा गांव निवासी सोनू त्यागी ने बताया कि वह शुक्रवार को पुस्ता रोड स्थित सरकारी स्कूल के पास से निकल रहे थे। इसी बीच संजय कुमार नामक युवक वहां पहुंचा और उसने अचानक चाकू से उनके गले पर वार कर दिया। उन्होंने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित भागने लगा, लेकिन इसी दौरान उसने उसी मकान में रहने वाले सात वर्षीय कीर्तिक और नौ वर्षीय मिलन पर भी चाकू से हमला कर दिया। हमले में कीर्तिक को चोटें आईं, मिलन के बाएं हाथ की उंगली में चाकू लगने से वह घायल हुआ। वारदात के बाद आरोपित संजय कुमार ने स्वयं अपने गले पर भी चाकू मार लिया, जिससे वह भी घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपित कुलेसरा में अपने परिवार के साथ रह रहा है। फिलहाल वह घर में अकेला था। उसकी पत्नी और बच्चे मायके गए थे। आरोपित की दिमागी हालत ठीक नहीं है। उसका इलाज चल रहा है। पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसे ऐसा लगा कि उसके परिवार के सब लोग खत्म हो गए हैं। इसके बाद उसने कई लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद उसने खुद भी जान देने की कोशिश की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी