शिया मस्जिद में नमाज़ के दौरान रोजेदारों के बीच मारपीट का वीडियो वायरल, सात पर केस दर्ज
मुरादाबाद, 25 फरवरी (हि.स.)। पाक माह माहे रमजान में मस्जिद के अंदर रोजेदारों व नमाज़ियों की मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर बुधवार को तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो मुरादाबाद महानगर के थाना मुगलपुरा क्षेत्र स्थित शिया मस्जिद का बताया जा रहा है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ थाना मुगलपुरा पुलिस को तहरीर दी।
पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों के सात आरोपित लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
मुरादाबाद के थाना मुगलपुरा क्षेत्र स्थित शिया मस्जिद में मंगलवार रात्रि में नमाज़ के दौरान तक़बीर को लेकर नमाज़ियों में विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया की मस्जिद के अंदर दो पक्षों के बीच लात घूंसों और बेल्ट से मारपीट शुरू हो गई। मस्जिद में खड़े कुछ नमाजियों ने पूरे प्रकरण की वीडियो बना ली और बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। मस्जिद के अंदर मारपीट की वीडियो तेजी से जब सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी तो दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ थाना मुगलपुरा पुलिस को तहरीर दे दी।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि मामले में सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जिसमें एक पक्ष के मेहंदी काज़मी, प्रिंस क़ाज़मी, हुसैन मेंहदी हैं, तो दूसरे पक्ष के मो अब्बास, फरजंद अली, आलम अली, केसर अली शामिल हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

