राजगढ़ःमां-बेटी की संदिग्ध मौत, मां फंदे पर लटकी मिली, बेटी का शव पानी के टेंक में मिला
राजगढ़, 17 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-15 में बुधवार शाम एक मकान में 52 वर्षीय महिला का शव बरामदे में लगे जाल से फंदे पर लटका मिला, जबकि उसकी 30 वर्षीय बेटी का शव घर में बने पानी के टेंक से बरामद हुआ। घटना के समय बेटी का डेढ़ वर्षीय बेटा घर में रोता-बिलखता मिला।
जानकारी के अनुसार मधुबाला (52) पत्नी अषोक राठौर का शव बरामदे में रस्सी के फंदे पर लटका मिला। वहीं उसकी बेटी शीतल राठौर (30) मृत अवस्था में पानी के टेंक में मिली। बच्चे के लगातार रोने की आवाज सुनकर पड़ोसियों को संदेह हुआ। जब लोग मौके पर पहुंचे तो मकान के गेट बंद मिले। इसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में शव करीब दो से तीन घंटे पुराने प्रतीत हो रहे हैं। परिजनों के मुताबिक मधुबाला के पति अशोक राठौर किसी रिश्तेदारी में आयोजित तेरहवीं कार्यक्रम में गए हुए थे। वहीं शीतल की शादी देवास रोड स्थित ग्राम नरवर में हुई थी, लेकिन पारिवारिक तनाव के कारण वह पिछले चार-पांच माह से अपने मायके में रह रही थी। उसके साथ उसका डेढ़ वर्षीय बेटा भी रह रहा था। घटना के बाद मोहल्ले में शोक और स्तब्धता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मां और बेटी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

