home page

ऑनलाइन ट्रेडिंग के बहाने बुलाकर 6.10 लाख रुपये लूटे

 | 
ऑनलाइन ट्रेडिंग के बहाने बुलाकर 6.10 लाख रुपये लूटे


जयपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। गांधी नगर थाना क्षेत्र में ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर एक व्यक्ति से 6.10 लाख रुपए लूटने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने पीड़ित को राजस्थान विश्वविद्यालय के पीछे मिलने बुलाया और कार में बैठाकर रुपए गिनने के बाद धमकाया। विरोध करने और मदद के लिए चिल्लाने पर उसे धक्का देकर नीचे गिरा दिया और नकदी व अन्य दस्तावेज लेकर फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल नंबरों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।

थानाधिकारी भजन लाल ने बताया कि बस्सी के मोहनपुरा निवासी विष्णु प्रसाद मीणा (45) ऑनलाइन ट्रेडिंग का काम करते हैं। सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में आए लोगों ने उन्हें ट्रेडिंग में मुनाफे की गारंटी देकर आईडी खुलवाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद बातचीत के लिए मोबाइल पर राजस्थान विश्वविद्यालय के पीछे की लोकेशन भेजी गई।

गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे विष्णु प्रसाद बताए गए स्थान पर पहुंचे, जहां कार में दो युवक बैठे मिले। उन्होंने बातचीत के बहाने पीड़ित को कार में बैठा लिया। कार में ट्रेडिंग आईडी खुलवाने के लिए लाए गए 6.10 लाख रुपए गिने गए। इसके बाद आरोपियों ने अपने दो और साथियों को बुलाकर कार में बैठा लिया। पीड़ित ने आईडी बनाने के लिए कहा तो बदमाशों ने उसे धमकाना शुरू कर दिया।

इसके बाद बदमाश कार तेज गति से बिड़ला मंदिर की ओर ले जाने लगे। पीड़ित ने मदद के लिए शोर मचाया तो आरोपियों ने उसे कार से धक्का देकर नीचे गिरा दिया और नकदी लेकर फरार हो गए। बदमाश पीड़ित के 6.10 लाख रुपए के साथ पैन कार्ड और डेबिट-क्रेडिट कार्ड भी ले गए।

वारदात की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नाकाबंदी करवाई। पीड़ित के बेटे की शिकायत पर गुरुवार शाम मामला दर्ज किया गया। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश