जबलपुरः घरेलू गैस की अवैध रिफिलिंग करते आरोपी गिरफ्तार
जबलपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में विजय नगर थाना पुलिस ने शनिवार को घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 गैस सिलेंडर, एक इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा और 2,500 रुपये नगद जब्त किए हैं।
विजय नगर थाना प्रभारी राजेन्द्र सिंह मर्सकोले ने बताया कि पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि आलू-प्याज मंडी के पास एक व्यक्ति घरेलू गैस सिलेंडर से गैस निकालकर अन्य खाली सिलेंडरों में भरकर अवैध लाभ कमा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। इस दौरान एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में गैस भरने की तैयारी करते मिला, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सोनू रजक (43 वर्ष), निवासी ग्राम महाराजपुर, गौतम नगर अधारताल बताया।
पुलिस ने आरोपी के पास से एचपी कंपनी के 2 घरेलू गैस सिलेंडर (एक खाली और एक आधा भरा), एक इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा तथा गैस बिक्री के 2,500 रुपये नगद जब्त किए। जांच में सामने आया कि आरोपी अवैध रूप से गैस निकालकर अन्य सिलेंडरों में भर रहा था, जिससे अवैध कमाई के साथ ही रिहायशी क्षेत्र में गंभीर हादसे की आशंका भी बनी हुई थी। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 287 बीएनएस एवं 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

