home page

महिला ने प्रेमी से करवाई थी दूसरे प्रेमी की हत्या, दाे गिरफ्तार

 | 
महिला ने प्रेमी से करवाई थी दूसरे प्रेमी की हत्या, दाे गिरफ्तार


मऊ, 04 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में सरायलंखसी थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पहले प्रेमी की हत्या करवाई थी। पुलिस ने मंगलवार काे घटना का खुलासा करते हुए आराेपित महिला और एक युवक काे गिरफ्तार किया है। महिला का प्रेमी फरार है, जिसकी तलाश में टीम काे लगाया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अनूप कुमार ने मंंगलवार को पत्रकारों को बताया कि काशीराम कॉलोनी में रहने वाली महिला शहजादी पांच बच्चाें की मां हैं। उसने चार दिन पहले पुलिस को सूचना दी कि, उसके पति असगर अली की चाकू मारकर हत्या कर दी गई हैं। पुलिस ने जब मामले की गहन विवेचना की तो पता चला है कि असगर अली, महिला का पति नहीं बल्कि प्रेमी है। उसका पति उसे छोड़ चुका है। यह भी पता चला है कि महिला ने दूसरे प्रेमी आकाश राव के साथ मिलकर प्रेमी असगर अली की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने इस मामले में शहजादी और उसके सहयोगी सूरज राजभर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी आकाश राव अभी फरार है।

एएसपी ने बताया कि महिला शहजादी के मृतक और आकाश राव दोनों से संबंध थे। मृतक लगातार शहजादी को आकाश राव से दूरी बनाने के लिए कहता था, जिससे दोनों के बीच विवाद रहता था। घटना वाले दिन जब मृतक सो रहा था तब शहजादी ने आकाश राव को बुलाया और उस पर चाकू से हमला कराकर उसकी हत्या करवा दी। जांच में यह भी सामने आया कि हत्या की वारदात में सूरज राजभर की भी भूमिका थी।

पुलिस ने मंगलवार काे महिला और सूरज राजभर के गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित आकाश राव फरार है, जिसकी तलाश में टीम को लगाया गया है। आकाश थाना कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट और अवैध असलहा रखने समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लेगी।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / वेद नारायण मिश्र