मोबाइल टावर पर चढ़कर शादी करने वाले प्रेमी युगल गिरफ्तार
जौनपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में बरसठी थाना क्षेत्र के बारीगांव में मोबाइल टावर पर चढ़कर शादी करने वाले प्रेमी युगल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सोमवार को चालान न्यायालय भेज दिया।
नेहा गौतम अपने प्रेमी अभिजीत गौतम से शादी करने की जिद पर रविवार सुबह मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी। इस मामले के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई थी। वहीं बंधवा-जमालापुर मार्ग पर कई घंटे तक आवागमन बाधित रहीं। साथ ही मोबाइल नेटवर्क सेवा भी करीब पांच से छह घंटे तक प्रभावित हुई थीं। पुलिस और प्रशासन को दोनों को नीचे उतारने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। करीब चार घंटे बाद टावर पर ही दोनों की शादी कराई गई, जिसके बाद युवती नीचे उतरी थी।
क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं गोल्डी गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों ने परिजन पर दबाव बनाने, आत्महत्या की धमकी देकर प्रशासन को डराने तथा अपने उद्देश्य की पूर्ति और प्रसिद्धि पाने के लिए सुनियोजित तरीके से यह घटनाक्रम किया था। इस कृत्य से आमजन को परेशानी हुई और सार्वजनिक आवागमन के साथ मोबाइल नेटवर्क सेवा भी बाधित हुईं। इसी के चलते दोनों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई है।
थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने बताया कि दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सोमवार को न्यायालय भेज दिया गया है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

