पन्ना : पवई में महिला की हत्या के बाद युवक मृत मिला, प्रेम संबंधों से जुड़े विवाद की आशंका
पन्ना/पवई, 10 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के पवई नगर के वार्ड क्रमांक-14 स्थित अंबेडकर पार्क क्षेत्र में बुधवार को दो लोगों की मौत का मामला सामने आने से क्षेत्र में दहशत फैल गई। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी संबंधों और विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार चौमुखा निवासी रजनी शुक्ला (37) पिछले करीब चार माह से अपनी बेटी के साथ अंबेडकर पार्क क्षेत्र में किराये के मकान में रह रही थीं। बुधवार दोपहर एक युवक उनके घर पहुंचा। कुछ समय बाद घर के भीतर विवाद की स्थिति बनी और महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलीं। घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस के अनुसार घटनास्थल से एक अन्य व्यक्ति, छोटी सुनवानी निवासी सुरेंद्र तिवारी (38), भी मृत अवस्था में मिला। प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच परिचय और आपसी संबंध होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि घटना के कारणों और परिस्थितियों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही पवई एसडीओपी भावना दांगी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश पांडे

