जबलपुर: महिला आरक्षक ने नाम छिपाकर दुष्कर्म का लगाया आरोप, सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज
जबलपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस में पदस्थ एक महिला आरक्षक ने जबलपुर निवासी अधिवक्ता पर अपनी पहचान छिपाकर शादी का झांसा देने और दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने गुरुवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने विवाह का आश्वासन देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। महिला का कहना है कि वह तलाकशुदा है और उसके दो बच्चे हैं, जिसकी जानकारी आरोपी को पहले से थी। इसके बावजूद उसने विवाह का भरोसा दिलाया।
पुलिस को दी गई शिकायत में महिला आरक्षक ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2024 में न्यायालय में ड्यूटी के दौरान उसकी मुलाकात मक्का नगर निवासी अधिवक्ता शोहराब शेख अख्तर से हुई। महिला का दावा है कि आरोपी ने उस समय अपना नाम सौरभ सिंह राजपूत बताया और इसी पहचान के आधार पर दोनों के बीच परिचय बढ़ा, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गया।
महिला का आरोप है कि बाद में उसे सोशल मीडिया के माध्यम से पता चला कि आरोपी का वास्तविक नाम शोहराब शेख अख्तर है और वह पहले से विवाहित है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि सच्चाई सामने आने पर विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसे अपने घर ले जाकर धार्मिक रीति-रिवाज अपनाने के लिए दबाव बनाया। साथ ही, शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए, जिससे वह गर्भवती हो गई।
महिला का कहना है कि अब आरोपी विवाह से इनकार कर रहा है और गर्भपात कराने का दबाव बना रहा है।
इस मामले को लेकर धर्म सेना के कार्यकर्ता भी पीड़िता के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। संगठन ने इसे लव जिहाद का मामला बताते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की और चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।
हालांकि, इस संबंध में संगठन के दावों की अभी पुलिस जांच से पुष्टि नहीं हुई है।
सीएसपी भगत सिंह गठोरिया ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाने में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले के सभी आरोपों की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

