जबलपुर में ‘लव जिहाद’ और धर्मांतरण के आरोपों पर फिर गरमाया माहौल, कलेक्ट्रेट में विरोध प्रदर्शन
जबलपुर, 29 अप्रैल (हि.स.)। जबलपुर में एक बार फिर ‘लव जिहाद’ और कथित धर्मांतरण के आरोपों को लेकर माहौल गरमा गया है। बुधवार को राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि विवाह पंजीयन से जुड़े सूचना बोर्ड पर नामों को जानबूझकर छिपाया जा रहा है, ताकि प्रस्तावित शादियों की जानकारी सार्वजनिक न हो सके। संगठन के कार्यकर्ता अर्पित सिंह ठाकुर ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि नौ हिंदू युवतियां मुस्लिम युवकों से विवाह करने जा रही हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विवाह के लिए जारी नोटिस संबंधित युवतियों के घर तक नहीं पहुंचने दिए जाते और बीच में ही प्रभाव व पैसों के दम पर गायब कर दिए जाते हैं।
कार्यकर्ताओं ने सुप्रीम कोर्ट और मप्र हाईकोर्ट के विभिन्न निर्णयों का हवाला देते हुए इन शादियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि यह केवल विवाह का मामला नहीं, बल्कि सुनियोजित तरीके से धर्मांतरण का प्रयास है।
फिलहाल, इस मामले में ज्ञापन सौंपे जाने के बाद प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

