युवती ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवक पर दुष्कर्म करने का लगाया आरोप
हमीरपुर 26 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे सिसोलर थाना क्षेत्र की एक युवती ने सोशल मीडिया के माध्यम से परिचित हुए युवक पर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। शुक्रवार को पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मध्य प्रदेश निवासी आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म, आईटी एक्ट और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी अभी फरार है।
पुलिस के अनुसार, थाना सिसोलर क्षेत्र निवासी 25 वर्षीय युवती ने शिकायत में बताया कि करीब पांच वर्ष पहले उसकी पहचान फेसबुक और इंस्टाग्राम के माध्यम से मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के हिम्मतपुर निवासी अशोक साहू से हुई थी।
आरोप है कि युवक ने उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म किया। विरोध करने और शिकायत की बात कहने पर आरोपित ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर थाना सिसोलर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं, आईटी एक्ट की धारा 67 (ए) तथा एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों के बीच सोशल मीडिया के जरिए पहचान हुई थी और करीब चार वर्षों से प्रेम संबंध थे। पुलिस का कहना है कि दोनों के बीच विवाद होने के बाद युवती ने मुकदमा दर्ज कराया है। मामले की विवेचना की जा रही है और आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। सीओ मौदहा राजकुमार पाण्डेय ने शुक्रवार को बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाए
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

