सुपौल में प्रेम विवाह के 9 महीने बाद पत्नी को जिंदा जलाने का आरोप, इलाज के दौरान मौत
सुपौल, 25 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में प्रेम विवाह के करीब नौ महीने बाद एक विवाहिता की जलने से मौत हो गई। मृतका की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के गरुअल निवासी राजकुमार मंडल की बेटी दमनी देवी के रूप में हुई है। इस मामले में सुपौल के भपटियाही थाना क्षेत्र निवासी बिंदु साह के बेटे संजीव कुमार साह पर अपनी पत्नी को पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, संजीव कुमार साह और दमनी देवी के बीच करीब नौ महीने पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से प्यार हुआ था। इसके बाद दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली थी। हालांकि, शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आपसी झगड़े से नाराज होकर दमनी अपने मायके चली गई। इसके बाद दोनों एक-दूसरे से तलाक लेने के लिए राजी हो गए। बताया जा रहा है कि संजीव ने तलाक के कागजात पर हस्ताक्षर करवाने के बहाने दमनी को सुपौल बुलाया था। आरोप है कि घर पहुंचने से पहले ही वह दमनी को लालमनपट्टी नहर के पास एक सुनसान जगह पर ले गया, जहां उसके शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
आग लगने के बाद गंभीर रूप से झुलसी दमनी किसी तरह वहां से भागकर लालमनपट्टी पहुंची। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से उसे इलाज के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेजा गया। हालांकि, गंभीर रूप से झुलस जाने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पति संजीव कुमार साह पर पत्नी को जिंदा जलाकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना से जुड़े आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और पुलिस की आगे की कार्रवाई की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

