लव जिहाद में फरार 25 हजार रुपये का ईनामी आरोपित गिरफ्तार
हिन्दू नाबालिग किशोरी से रेप व धर्मांतरण के मामले में मचा था बवालपिता पुत्र समेत चार आरोपितों की हो चुकी गिरफ्तारी
हमीरपुर, 05 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में हिन्दू नाबालिग किशोरी के साथ गैंगरेप और धर्मांतरण के मामले में फरार एक और आरोपित को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इस पर एसपी ने 25 हजार रुपये का ईनाम रखा था। इस सनसनीखेज घटना में अभी तक पिता पुत्र समेत चार आरोपित जेल भेजे गए है।
उल्लेखनीय है कि हमीरपुर जिले के सुमेरपुर कस्बे में पिछले माह एक हिन्दू नाबालिग किशोरी का अश्लील वीडियो वायरल होने पर कस्बे के व्यापारियों और हिन्दू संगठनों ने जमकर हंगामा काटा था। बाजार बंद कराकर कानपुर-सागर नेशनल हाइवे में जाम लगाकर नारेबाजी की गई थी। और तो और नाराज लोगों ने आरोपितों के घर पर पथराव कर बाहर खड़ी कार को चकनाचूर कर दिया था। थाने का घेराव कर भीड़ ने कई घंटे तक हंगामा किया था। पुलिस ने इस घटना में परिजन की तहरीर पर मोलाना खान और उसके पुत्र मोहम्मद अबाद समेत चार लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस ने मुख्य आरोपित अबाद को मुठभेड़ में गोली मारकर लंगड़ा कर दिया था। वहीं मामला तूल पकड़ने पर एसडीएम ने नगर पंचायत के ईओ और पुलिस के साथ घटना वाली जगह इंडियन लाँज की जांच की थी। जांच के बाद इसे सीज कर दिया गया था। इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस अभी तक पिता पुत्र समेत तीन लोगों को जेल भेज चुकी है जबकि मुख्य आरोपित का चाचा फहीमुद्दीन खान उर्फ लाला फरार था। एसपी डाँ.दीक्षा शर्मा ने इसकी गिरफ्तारी के लिए पच्चीस हजार रुपये का ईनाम भी घोषित किया था। सुमेरपुर थाना प्रभारी अनूप सिंह ने गुरुवार को बताया कि घटना में फरार ईनामी आरोपित फहीमुद्दीन खान को आज कस्बे के कमलेश तिराहा के पास से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। बताया कि इसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

