जबलपुरः होटल में हिन्दू संगठनों ने छापा मार कर संदिग्ध जोड़े पकड़े, लव जिहाद का आरोप
जबलपुर, 23 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में माढ़ोताल थाना क्षेत्र स्थित कटंगी बाइपास पर बने होटल सुकून में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब हिंदू संगठन के कार्यकर्ता सुकून होटल पहुंच गए। संगठन के पदाधिकारियों का आरोप है कि होटल में लंबे समय से अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायत मिल रही थी। सूचना के आधार पर कार्यकर्ताओं ने होटल के कमरों की जांच की, जहां दो युवक और दो महिलाएं ठहरी हुई मिलीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तलाशी के दौरान एक कमरे में युवक और युवती संदिग्ध अवस्था में पाए गए, जिसके बाद होटल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा युवकों के साथ मारपीट किए जाने की भी जानकारी सामने आई।
घटना की सूचना मिलते ही माढ़ोताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने होटल के रजिस्टर की जांच की तो संबंधित लोगों की एंट्री दर्ज नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी। दोनों युवकों और दोनों महिलाओं को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया है।
हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि होटल में लंबे समय से अवैध गतिविधियां संचालित हो रही थीं। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। होटल संचालक से पूछताछ के साथ ही होटल के दस्तावेज, रजिस्टर और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पूछताछ के दायरे में आए युवकों में एक की पहचान फरहज अली कादरी निवासी मुजावर मोहल्ला, रानी दुर्गावती वार्ड के रूप में बताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और तथ्यों के सत्यापन के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनाव का माहौल रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

