प्रेम प्रसंग में हुई थी युवक की हत्या, आरोपित गिरफ्तार
फर्रुखाबाद, 27 मार्च (हि.स.)। मोहम्मदाबाद थाना पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ग्राम गैसिंगपुर निवासी लखन कश्यप (32) 23 मार्च की रात घर के बाहर सोते समय धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई थी। मृतक के पिता रामनिवास कश्यप की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर ग्राम गैसिंगपुर निवासी नितुल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसका क्षेत्र की एक महिला से प्रेम प्रसंग था, जिसको लेकर उसका लखन से विवाद चल रहा था।
आरोपित नितुल ने कबूल किया कि इसी रंजिश के चलते उसने लखन की हत्या की। घटना वाली रात उसने मौका पाकर फावड़े से हमला किया, जिससे लखन की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद वह फरार हो गया था।
पुलिस टीम ने 27 मार्च को आरोपित को गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया फावड़ा भी बरामद कर लिया ।
इस गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला, उपनिरीक्षक आशु कुमार, कांस्टेबल ललित, कांस्टेबल मस्साराम और कांस्टेबल मनीष की अहम भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की विस्तृत विवेचना जारी है और अन्य पहलुओं की भी गंभीरता से जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

