(अपडेट) प्रेम प्रसंग बना मौत की वजह, पति-पत्नी गिरफ्तार
अजमेर, 12 मई (हि.स.)। किशनगढ़ के गांधीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का महज कुछ घंटों में खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है। गुदली निवासी युवक प्रदीप गुर्जर की हत्या प्रेम प्रसंग के चलते की गई थी। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र और फील्ड वर्क के आधार पर हत्या के आरोप में पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया।
जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने मंगलवार को गांधीनगर थाने में इस मामले का खुलासा किया।
उन्होंने बताया कि संयुक्त पुलिस टीम ने हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी जगदीश बावरी और उसकी पत्नी सुरज्ञान उर्फ डालकी को गिरफ्तार किया है। ग्राम गुदली निवासी सहदेव गुर्जर ने 4 मई को अपने भाई प्रदीप गुर्जर की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। प्रदीप 3 मई की रात से लापता था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी, तभी 10 मई को कल्याणीपुरा नाड़ी के पास सड़क किनारे एक शव मिलने की सूचना मिली। जांच में शव की पहचान प्रदीप गुर्जर के रूप में हुई। इसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी गई।
पुलिस ने मृतक के संपर्कों, मित्रों और परिजनों से पूछताछ की। 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। डॉग स्क्वाड, एफएसएल और साइबर टीम को भी लगाया गया। जांच के दौरान प्रेम प्रसंग की जानकारी सामने आई, जिसने केस की दिशा बदल दी।
पुलिस जांच में सामने आया कि प्रदीप गुर्जर का आरोपी जगदीश बावरी की पत्नी सुरज्ञान के साथ प्रेम संबंध था। घटना वाले दिन प्रदीप आरोपी के घर पहुंचा, जहां जगदीश ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। गुस्से में जगदीश ने प्रदीप के साथ मारपीट की और फिर उसका गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी पति-पत्नी ने मिलकर शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की, ताकि घटना को छिपाया जा सके। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन सख्त पूछताछ में हत्या स्वीकार कर ली।
गुर्जर समाज के धरना-प्रदर्शन और बढ़ते दबाव के बीच पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी कल्याणीपुरा गुदली निवासी जगदीश बावरी पुत्र चांदमल और उसकी पत्नी सुरज्ञान उर्फ डालकी को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

