home page

रायपुर : प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद में युवक की हत्या, एक युवती, दो नाबालिग समेत पांच आरोपित गिरफ्तार

 | 
रायपुर : प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद में युवक की हत्या, एक युवती, दो नाबालिग समेत पांच आरोपित गिरफ्तार


रायपुर : प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद में युवक की हत्या, एक युवती, दो नाबालिग समेत पांच आरोपित गिरफ्तार


- प्रकरण में संलिप्त एक आरोपित फरार

- आरोपितों के कब्जे से आटो, लकड़ी व अन्य सामान जब्त

रायपुर, 3 अप्रैल (हि.स.)। अभनपुर इलाके में हुए चर्चित नितेश बत्रा हत्याकांड का रायपुर ग्रामीण पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया है। शव मिलने के 12 दिन बाद पुलिस ने एक युवती, दो नाबालिगों समेत पांच आरोपितों को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है।

इस प्रकरण के संबंध में रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि, 21 मार्च 2026 को सूचना मिली कि, थाना अभनपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम भरेंगाभाठा से नवागांव जाने वाली सड़क के किनारे स्थित एक मुरूम गड्ढे में एक अज्ञात व्यक्ति का शव दफन है, जिसमें शव का एक हाथ एवं एक पैर जमीन से बाहर दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही थाना अभनपुर पुलिस एवं एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची।

मौके पर निरीक्षण करने पर पाया गया कि, एक अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मुरूम गड्ढे में दफनाया गया है, जिसका एक हाथ और एक पैर जमीन के ऊपर निकला हुआ था। जिस पर थाना अभनपुर में मर्ग कायम कर विवेचना प्रारंभ की गई। अज्ञात आरोपितों के विरूद्ध थाना अभनपुर में अपराध क्रमांक 97/26 धारा 103(1), 238 बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस की टीम द्वारा मृतक की पहचान हेतु आसपास के लोगों से विस्तृत पूछताछ की गई तथा जिले एवं सीमावर्ती जिलों के थानों में दर्ज गुमशुदा व्यक्तियों के विवरण, हुलिया एवं अन्य उपलब्ध सामग्रियों के आधार पर मिलान किया जाने लगा।

जांच के दौरान थाना माना में दर्ज एक गुमशुदगी के मामले से संबंधित व्यक्ति के कपड़ों, टैटू एवं अन्य वस्तुओं का मिलान मृतक से किया गया, जो काफी हद तक समान पाया गया। इसके आधार पर गुमशुदा व्यक्ति के परिजनों को बुलाकर शव की पहचान कराई गई, जिसमें परिजनों ने मृतक की पहचान नितेश बत्रा पिता दयाराम बत्रा, उम्र 29 वर्ष, निवासी माना, रायपुर के रूप में की। इसके पश्चात टीम द्वारा मृतक के परिजनों से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की गई तथा उसके निवास स्थान के आसपास रहने वाले लोगों से भी जानकारी एकत्रित की गई। घटना स्थल ब्लाइंड स्पॉट में स्थित होने के कारण टीम द्वारा आसपास के कई किलोमीटर के दायरे में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। साथ ही मुखबिर सक्रिय कर तकनीकी विश्लेषण एवं अन्य माध्यमों से अज्ञात आरोपियों की पहचान के प्रयास किए गए।

इसी क्रम में टीम को घटना में संलिप्त एक संदिग्ध व्यक्ति के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई। जांच के आधार पर आरोपित की पहचान श्याम सुंदर सोनी निवासी बोरियाकला मुजगहन रायपुर के रूप में की गई। उसकी तलाश करने पर ज्ञात हुआ कि वह आलू, प्याज एवं कलिंदर का व्यवसाय करता है तथा वह काम करने हेतु अन्य कर्मचारी भी रखा है तथा घटना के पश्चात वह एवं उसके कर्मचारी फरार हो गए हैं। इससे टीम का संदेह और अधिक गहरा हुआ तथा आरोपियों की सक्रिय रूप से पतासाजी प्रारंभ की गई।

इसी दौरान घटना में संलिप्त आरोपितों की उपस्थिति के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा आरोपित श्याम सुंदर सोनी, सुमित कोसले, सावित्री साहू एवं विधि के साथ संघर्षरत दो बालक को पकड़ा गया।

आरोपित श्याम सुंदर सोनी एवं सावित्री साहू के मध्य प्रेम संबंध था। 16 मार्च 2026 की रात्रि श्याम सुंदर सोनी सावित्री साहू के घर माना गया था। जहां पूर्व से नितेश बत्रा खडा था और सावित्री साहू के घर की तरफ देख रहा था। जिसे श्याम सुंदर सोनी बोला तुम यहां क्यों आये हो सावित्री साहू ने उसे फोन करके बताया है कि तुम उसे रोज आकर परेशान करते हो, इसी बात पर दोनों के बीच लड़ाई-झगड़ा हुआ। तब श्याम सुंदर सोनी ने उसके साथ मारपीट करते हुये पास पड़े बबूल के लकड़ी से उसके सिर में मारा उसी समय सावित्री साहू बाहर आयी और बोली की और मारो रोज आकर मुझे परेशान करता है। उसके बाद श्याम सुंदर सोनी दुकान में काम करने वाले अपने अन्य कर्मचारियों को आटो में लेकर आया। फिर सभी नितेश बत्रा के साथ मारपीट करने लगे तब सावित्री साहू बोली मरते दम तक मारो रोज आकर परेशान करता है। उसके बाद आरोपी/अपचारी नितेश बत्रा को ऑटो में बैठाये तथा उसके स्कूटी को चलाते हुए कमल विहार डुण्डा होते हुए, मुजगहन के आगे एक पुलिया के पास पहुंचकर स्कूटी को पुलिया के नीचे गिरा दिये तथा सभी ऑटों में बैठकर खोरपा होते हुए खट्टी, ढोढ़रा के बीच तालाब के पास पहुंचकर उस लड़के को ऑटों से बाहर उतारकर सभी लोग हाथ मुक्का से मारपीट किये तथा गले में गमछा फंसा कर खींचकर पकड़े थे जिससे वह बेहोश हो गया। उसके बाद परसुलीडीह और भरेंगाभाठा के बीच मुरूम खदान में ले जाकर नितेश बत्रा को दफना दिये तथा फरार हो गये थे।

गिरफ्तार आरोपितों में श्याम सुंदर सोनी निवासी ग्राम माही प्रयागराज (उ.प्र.)। हाल पता बोरियाकला मुजगहन रायपुर, सुमित कोसले निवासी ग्राम भरेंगाभट्टा अभनपुर रायपुर, सावित्री साहू निवासी ग्राम जमगला सरगुजा। हाल पता टेमरी एकता नगर थाना माना जिला रायपुर, विधि के साथ संघर्षरत 2 बालक शामिल है।

आरोपितों व अपचारियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से प्रकरण से संबंधित लकड़ी, आटो वाहन व अन्य सामान जब्त कर प्रकरण में धारा 64(2)(क), 191(1)(2) बीएनएस जोड़ी जाकर कार्यवाही किया गया। प्रकरण में संलिप्त आरोपित माईकल सैनी फरार है जिसकी पतासाजी की जा रहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर