बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर रात 10 बजे के बाद डीजे बजाने वाले 12 लाेगाें के खिलाफ मुकदमा दर्ज
कानपुर, 21 फरवरी (हि.स.)। कानपुर पुलिस कमिश्नरेट ने बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर देर रात तक साउंड बजाने वालाें के खिलाफ अभियान चलाया है। रात 10 बजे के बाद तेज आवाज में डीजे बजाने वाले नौ गेस्ट हाउस और मैरिज लॉन के संचालकों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए। अब तक जिले के आठ थाना क्षेत्रों में कुल 12 मामले दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है।
संयुक्त पुलिस कमिश्नर विपिन ताडा ने शनिवार को बताया कि वर्तमान में माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) समेत दिल्ली बोर्ड और अन्य बोर्डों की वार्षिक परीक्षाएं जारी हैं। ऐसे में परीक्षार्थियों की तैयारी में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए पुलिस प्रशासन ने पहले ही धारा 163 बीएनएसएस लागू कर रात 10 बजे के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्रों (डीजे) के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया है। इसके बावजूद कई स्थानों पर नियमों की अनदेखी कर देर रात तक तेज संगीत बजाया जा रहा था, जिससे परिक्षार्थियों को परेशानी हो रही थी। इसके मद्देनजर देर रात तक साउंड बजाने वालाें के खिलाफ अभियान चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य परीक्षा के दौरान छात्रों को शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है। पहले गेस्ट हाउस संचालकों को समझाने के प्रयास किए गए, लेकिन लगातार नियमों की अनदेखी के बाद यह सख्त कार्रवाई की गई।
सबसे गंभीर मामला थाना बिठूर क्षेत्र के मैनावती मार्ग स्थित परेरा ग्रीन लॉन में सामने आया, जहां रात करीब एक बजे तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। स्थानीय निवासियों की शिकायत पर पहुंची पुलिस ने ध्वनि स्तर अत्यधिक पाया, जिससे सार्वजनिक शांति भंग हो रही थी। बिठूर थाना क्षेत्र में ही मैनावती मार्ग पर इबिजा गार्डेन और ध्रुव पार्टी लॉन के मालिक व डीजे संचालक के खिलाफ भी मुकदमे दर्ज किए गए।
इसी प्रकार, अन्य जोनों में भी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चकेरी में ड्रीम पार्टी लॉन, केआर शादीटोरियम, परिणय गेस्ट हाउस, रामवाटिका मैरिज लॉन और नारायण लॉन के खिलाफ तय समय सीमा के बाद तेज आवाज में डीजे बजाने पर मामला दर्ज किया गया हैं। इसके अलावा थाना रावतपुर में अभिनंदन गेस्ट हाउस, थाना गुजैनी में पीएस पैलेस, थाना सचेंडी में निधिवन मैरिज लॉन के बार इंडिया डीजे बैंड के मालिक और थाना काकादेव में जवाहर पैलेस के संचालक के खिलाफ भी मुकदमे लिखे गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बोर्ड परीक्षाओं के समाप्त होने तक यह अभियान जारी रहेगा और ध्वनि प्रदूषण की शिकायत मिलने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

