पुलिस ने लौटाया नकदी-गहनों से भरा महिला का खोया पर्स
शिमला, 25 अप्रैल (हि.स.)। शिमला के संजौली क्षेत्र में एक महिला का खोया हुआ पर्स पुलिस ने नकदी और कीमती आभूषणों सहित सुरक्षित बरामद कर लिया है। पुलिस थाना संजौली की टीम ने यह कार्रवाई त्वरित ढंग से करते हुए पर्स को उसकी असली मालकिन को लौटा दिया।
जानकारी के अनुसार अनीता दरेवला का पर्स कहीं गुम हो गया था। इसमें नकदी के साथ-साथ कीमती गहने भी रखे हुए थे। पर्स खोने की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और तुरंत आसपास के इलाके में तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने इलाके में जांच-पड़ताल करते हुए हर संभावित जगह पर खोजबीन की।
लगातार प्रयास और सूझबूझ के चलते पुलिस को सफलता मिली और पर्स को ढूंढ निकाला गया। जांच के बाद यह भी सुनिश्चित किया गया कि पर्स में रखी नकदी और आभूषण पूरी तरह सुरक्षित हैं। इसके बाद सभी औपचारिकताएं पूरी कर पर्स को महिला को वापस सौंप दिया गया।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है। लोगों का कहना है कि पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से सुरक्षा की भावना को बढ़ावा मिला है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

