home page

ट्रक में सो रहे चालकों पर स्प्रे डालकर डेढ़ लाख की लूट,पुलिस जांच में जुटी

 | 
ट्रक में सो रहे चालकों पर स्प्रे डालकर डेढ़ लाख की लूट,पुलिस जांच में जुटी


रायबरेली, 21 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में हाईवे पर खड़े ट्रकों में चालकों पर स्प्रे छिड़ककर चाेराें ने डेढ़ लाख रुपये समेत कई समान लूट ले गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

लालगंज कोतवाली क्षेत्र में बदमाशों ने शुक्रवार की देर रात फतेहपुर-बांदा हाईवे पर बढ़ईन का पुरवा गांव के पास एक ढाबे पर तीन ट्रकों के केबिन में सो रहे चालकों को नशीला स्प्रे सुंघाकर बेहोश कर दिया और नकदी समेत करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद ट्रक चालकों में दहशत है और हाईवे पर रात्रि सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

गाजीपुर निवासी ट्रक चालक मोहम्मद अनीस ने बताया कि वह रात में पेट्रोल पंप के पास ट्रक खड़ा करके केबिन में सो रहा थे। रात करीब दो बजे बदमाश ट्रक के पास पहुंचे। उन्होंने साइड शीशे की रबड़ निकालकर केबिन में प्रवेश किया और चालक पर नशीला स्प्रे छिड़क दिया। कुछ ही देर में वह बेहोश हो गया। इसके बाद बदमाश केबिन में रखे 80 हजार 500 रुपये नकद और अन्य सामान चोरी कर ले गए। सुबह होश आने पर चालक को चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने आसपास के लोगों को घटना के बारे में बताया तो पता चला कि यह दो ट्रकों से भी हजारों रुपये की नकदी और सामान चोरी हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से जांच शुरू कर दी है। ढाबे व नज़दीकी पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में बदमाशों की गतिविधियां कैद होने की जानकारी सामने आई है।

लालगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी। अभी मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे