राजधानी पटना में करीब 20 लाख रुपये के गहनों की लूट
पटना, 19 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी
पटना के रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने पिस्टल की नोक पर 20 लाख रुपये मूल्य के गहने लूट कर फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक पांच की संख्या में आए अपराधियों ने धन कॉलोनी चौराहा के पास स्थित श्री लक्ष्मी अलंकार ज्वैलर्स में घुसकर हथियार के बल पर लूटपाट की। विरोध करने पर अपराधियों ने दुकानदार को पिस्टल की बट से मारकर घायल कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पीड़ित दुकानदार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली।
सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि पुलिस अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
पीड़ित दुकानदार धनंजय कुमार ने बताया कि वह दुकान में ग्राहकों के साथ मौजूद थे, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पांच अपराधी वहां पहुंचे। सभी अपराधियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए हेलमेट पहन रखा था। दुकान में घुसते ही उन्होंने हथियार निकाल लिए। पिस्टल के बल पर बंधक बनाया, विरोध करने पर हमला
दुकानदार के अनुसार, जिस समय अपराधी दुकान में घुसे, उस वक्त अंदर तीन ग्राहक भी मौजूद थे। दुकानदार ने बताया कि लूटे गए सामान में लगभग 100 ग्राम सोने के जेवरात और करीब 3 किलो चांदी के गहने शामिल हैं। लूटे गए जेवरात की कुल अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए आसानी से मौके से फरार हो गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

