home page

दिनदहाड़े ज्वेलर्स की बाइक की डिक्की तोड़ लाखों के जेवरात उड़ाए

 | 
दिनदहाड़े ज्वेलर्स की बाइक की डिक्की तोड़ लाखों के जेवरात उड़ाए


दिनदहाड़े ज्वेलर्स की बाइक की डिक्की तोड़ लाखों के जेवरात उड़ाए


सुपौल, 10 अप्रैल (हि.स.)। जिले के त्रिवेणीगंज प्रखंड के जदिया बाजार में शुक्रवार की सुबह अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए ज्वेलर्स की बाइक की डिक्की तोड़कर लाखों रुपए के जेवरात लेकर फरार हो गए।

घटना करीब साढ़े नौ बजे हनुमान मंदिर चौक के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार मां दुर्गा ज्वेलर्स के मालिक दो भाई अमित और मनीष दुकान खोलने पहुंचे थे। वे बाइक की डिक्की में ज्वेलरी रखकर लाए थे। दुकान के सामने बाइक खड़ी कर मनीष शटर खोलने गया, लेकिन शातिरों ने पहले ही शटर के एक ताले में फेविक्विक डाल दिया था।

चाभी डालने पर ताला जाम हो गया, जिससे वह खोल नहीं सका। ताला नहीं खुलने पर दूसरा भाई अमित भी वहां पहुंचा और दोनों ताला खोलने में जुट गए। इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार दो शातिरों ने मौका पाकर बाइक की डिक्की तोड़ दी और उसमें रखा जेवरात से भरा बैग लेकर पूर्व दिशा की ओर फरार हो गए। कुछ देर बाद जब दोनों भाइयों की नजर बाइक पर पड़ी तो डिक्की खुली देखकर वे सन्न रह गए। डिक्की से जेवरात गायब होने पर उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही जदिया पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। भागने की दिशा में अपराधियों का पीछा भी किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

थानाध्यक्ष नंद किशोर नंदन ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। कितने मूल्य के जेवरात चोरी हुए हैं, इसका आकलन किया जा रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक पीड़ित की ओर से आवेदन नहीं दिया गया है, आवेदन मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र