बांसवाड़ा में 1.18 करोड़ की सनसनीखेज डकैती का खुलासा: सरपंच चुनाव लड़ने के लिए रची थी साजिश, चार गिरफ्तार
बांसवाड़ा, 26 सितंबर (हि.स.)। बांसवाड़ा जिले के आंबापुरा थाना क्षेत्र में 18 सितंबर को हुई 1.18 करोड़ रुपये की डकैती का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। हैरान करने वाली बात यह है कि इस बड़ी वारदात को किसी पेशेवर अपराधी ने नहीं, बल्कि आगामी पंचायत राज चुनाव में सरपंच का चुनाव लड़ने की चाहत रखने वाले एक आरोपित ने पैसों का जुगाड़ करने के लिए अंजाम दिया था।
घटना की रात बदमाशों ने बेहद शातिराना अंदाज में हाईवे पर ट्रैक्टर अड़ाकर और बिना नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार से पीड़ितों की गाड़ी को रोक लिया। इसके बाद तलवारों और लाठियों से ताबड़तोड़ हमला कर गाड़ी के शीशे तोड़ दिए और नकदी से भरे दो पार्सल, कार तथा मोबाइल लूटकर फरार हो गए। पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देशन और विशेष टीमों द्वारा बिछाए गए तकनीकी जाल व मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने चार मुख्य आरोपिताें—अजय डिण्डोर, मोहनलाल राणा, कन्हैयालाल उर्फ कानू और प्रकाश कटारा—को दबोचने में सफलता हासिल की।
थानाधिकारी निर्भय सिंह चुण्डावत ने बताया कि पूछताछ के दौरान यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपिताें में से एक सरगना किसी विशेष राजनीतिक पार्टी से सरपंच का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। चुनाव प्रचार और पानी की तरह पैसा बहाने की अपनी इसी राजनीतिक महत्वाकांक्षा को पूरा करने के लिए उसने इस सनसनीखेज डकैती की साजिश रची थी। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपिताें से पूछताछ कर रही है और लूटे गए माल तथा वारदात में प्रयुक्त वाहन की बरामदगी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुभाष

