home page

भटगांव में लूट और डकैती का खुलासा, चार पुरुषों और दो महिलाओं समेत छह गिरफ्तार

 | 
भटगांव में लूट और डकैती का खुलासा, चार पुरुषों और दो महिलाओं समेत छह गिरफ्तार


सूरजपुर, 07 नवंबर (हि.स.)। सूरजपुर जिले के भटगांव थाना क्षेत्र में घर में घुसकर लूट और डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले छह आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें चार पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल चाकू और कार सहित करीब 4 लाख 60 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है। पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपितों तक पहुंच बनाई।

पुलिस ने आज प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि, 27 अक्टूबर 2026 की रात करीब 1:30 बजे ग्राम अधिना सलका निवासी राधेश्याम सिंह के घर में चार अज्ञात व्यक्ति घुस गए थे। आरोपितों ने चेहरे पर स्टॉल बांध रखे थे और चैनल का ताला खोलकर घर के अंदर प्रवेश किया था। इस दौरान बच्चों के गले पर चाकू रखकर जान से मारने की धमकी दी और अलमारी में रखे 1 लाख 50 हजार रुपये नकद तथा ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। राधेश्याम की रिपोर्ट पर भटगांव थाने में अपराध क्रमांक 204/2026 के तहत बीएनएस की धारा 309(6), 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की जांच के दौरान पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और एसडीओपी प्रतापपुर अनूप एक्का के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की। इस दौरान एक संदिग्ध मारुति स्विफ्ट डिजायर कार दिखाई दी। वाहन के नंबर के आधार पर पुलिस आरोपितों तक पहुंची और उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपितों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उनके कब्जे से 1 लाख 40 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल चाकू, विभिन्न कंपनियों के छह मोबाइल फोन और वारदात के दौरान चेहरे पर बांधे गए चार स्टॉल बरामद किए गए। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त मारुति स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक CG 10 FA 6395 भी जब्त की गई।

गिरफ्तार आरोपितों में हुल्लेश्वर दास (35), निवासी ग्राम पोकसरी, थाना बतौली; देवकरण दास उर्फ विजय दास (26), निवासी ग्राम जामडीह, थाना सीतापुर; विकास दास (23) और शांतुदास (30), दोनों निवासी ग्राम झरगांवा, थाना बतौली, जिला सरगुजा शामिल हैं। इनके अलावा शारदा चौहान (37), निवासी तकिया रोड अंबिकापुर, जिला सरगुजा और सोनू कुमारी (25), निवासी ग्राम खोरमा, प्रतापपुर, जिला सूरजपुर को भी गिरफ्तार किया गया है।

इस कार्रवाई में भटगांव थाना प्रभारी बृजेश सिन्हा, सुनील विवेकानंद सिंह, प्रधान आरक्षक सुशील मिश्रा, संजय कुमार, हेमंत सोनवानी तथा आरक्षक विनोद प्रताप सिंह, दिनेश ठाकुर और रजनीश पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय