home page

बड़वानी में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, तीन डॉक्टर रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

 | 
बड़वानी में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, तीन डॉक्टर रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार


बड़वानी, 07 मई (हि.स.)। विशेष पुलिस स्थापना लोकायुक्त संगठन की इंदौर इकाई ने गुरूवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बड़वानी जिले के राजपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के तीन चिकित्सकों को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई लोकायुक्त संगठन के महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश पर की गई।

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, राजपुर निवासी अदनान अली ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर मरीजों को उनकी पैथोलॉजी लैब में जांच के लिए भेजने के बदले कमीशन की मांग कर रहे थे। शिकायतकर्ता अपने पिता की सेवा पैथोलॉजी लैब में मैनेजर के रूप में कार्यरत है।

शिकायत में बताया गया कि पहले डॉक्टर 20 प्रतिशत कमीशन लेते थे, लेकिन पिछले माह से तीनों डॉक्टरों ने आपसी सहमति से कमीशन बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया था। आरोप है कि लैब में आने वाले मरीजों की जांच राशि में से हिस्सा मांगा जा रहा था।

लोकायुक्त जांच में सामने आया कि आरोपी डॉ. अमित शाक्य ने 18 हजार रुपए, डॉ. दिव्या साईं ने 8 हजार रुपए और डॉ. मनोहर गोदारा ने 21 हजार 800 रुपए की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत का सत्यापन करने पर मामला सही पाया गया, जिसके बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।

आज यानि 7 मई को की गई कार्रवाई में लोकायुक्त टीम ने डॉ. अमित शाक्य को 8 हजार रुपए, डॉ. दिव्या साईं को 5 हजार रुपए तथा डॉ. मनोहर गोदारा को 12 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। टीम ने कुल 25 हजार रुपए की रिश्वत राशि बरामद की है।

आरोपी डॉक्टरों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 61(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस ट्रैप कार्रवाई में डीएसपी सुनील तालान, कार्यवाहक निरीक्षक रेनू अग्रवाल सहित लोकायुक्त की विशेष टीम शामिल रही।

हिन्दुस्थान समाचार / Rajesh Rathore