जबलपुर में वाणिज्यिक कर अधिकारी के ठिकाने पर लोकायुक्त का छापा, आय से 264% अधिक खर्च का खुलासा
जबलपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश लोकायुक्त पुलिस ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत पर वाणिज्यिक कर अधिकारी मनीष कुमार जैन के जबलपुर स्थित निवास पर मंगलवार सुबह 6 बजे से छापेमार कार्रवाई शुरू की। लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, अब तक की जांच में अधिकारी की कुल आय 1.03 करोड़ रुपये के मुकाबले लगभग 3.78 करोड़ रुपये का व्यय सामने आया है। यह उनकी ज्ञात आय का करीब 264.64 प्रतिशत बताया गया है।
लोकायुक्त पुलिस महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश और उप महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की जा रही है। लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक अंजूलता पटले को अधिकारी के खिलाफ शिकायत मिली थी।
निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया द्वारा किए गए सत्यापन में शिकायत प्रथमदृष्टया सही पाए जाने के बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
लोकायुक्त की प्रारंभिक जांच में अधिकारी मनीष कुमार जैन, उनकी पत्नी निधि जैन, पिता कोमलचंद जैन और माता शशि जैन के नाम पर विभिन्न संपत्तियों और अन्य निवेश का विवरण सामने आया है।
जांच के मुताबिक, जबलपुर में अधिकारी के नाम पर 278.74 वर्गमीटर भूमि की अनुमानित कीमत 1.43 करोड़ रुपये बताई गई है। उनकी पत्नी के नाम पर जबलपुर में दो भूखंड, भोपाल में 180 वर्गमीटर जमीन पर बना बंगला और एक फ्लैट होने का उल्लेख है। इसके अलावा पत्नी के नाम पर 402.41 वर्गमीटर का एक अन्य भूखंड भी दर्ज बताया गया है।
सागर जिले के बंडा में अधिकारी की माता के नाम पर भूखंड पर मकान तथा पिता के नाम पर दो भूखंडों पर बने मकानों का विवरण भी जांच में सामने आया है। इसके अतिरिक्त पत्नी के नाम पर मारुति स्विफ्ट कार और सुजुकी एक्सेस वाहन की अनुमानित कीमत पांच लाख दस हजार रुपये बताई गई है। अधिकारी और परिवार के सदस्यों के नाम पर बीमा पॉलिसियों में लगभग 33.93 लाख रुपये के व्यय का भी उल्लेख है।
छापेमार कार्रवाई के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। पहली टीम में उप पुलिस अधीक्षक नीतू त्रिपाठी और निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया सहित अन्य सदस्य शामिल हैं। दूसरी टीम का नेतृत्व उप पुलिस अधीक्षक रेखा प्रजापति कर रही हैं, जबकि निरीक्षक शशि मस्कुले और जितेंद्र यादव सहित अन्य सदस्य इसमें शामिल हैं। तीसरी टीम में निरीक्षक रजनी तिवारी और अन्य सदस्य कार्रवाई में जुटे हैं।
लोकायुक्त पुलिस की कार्रवाई जारी है। संपत्तियों के मूल्यांकन और आय के स्रोतों की जांच के बाद मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

