दमोह में लोकायुक्त की कार्रवाई: दाे हजार रुपये की रिश्वत लेते विद्युत विभाग का सहायक यंत्री गिरफ्तार
दमोह, 25 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के हटा नगर में लोकायुक्त सागर की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्युत विभाग के सहायक यंत्री (एई) को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार हटा निवासी इंद्र कुमार पटेल ने लोकायुक्त सागर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि बिजली मीटर को कम लोड पर संचालित किए जाने के मामले में कार्रवाई नहीं करने के बदले विद्युत विभाग के सहायक यंत्री द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायतकर्ता के अनुसार अधिकारी ने काम के एवज में 7 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी। शिकायत की जांच और सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।
गुरुवार को हटा में कार्रवाई करते हुए जैसे ही सहायक यंत्री ने शिकायतकर्ता से 2 हजार रुपये की रिश्वत राशि ली, मौके पर मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे पकड़ लिया। कार्रवाई लोकायुक्त टीआई रंजीत सिंह के नेतृत्व में की गई।
लोकायुक्त टीम ने आरोपी अधिकारी को हिरासत में लेकर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
लोकायुक्त की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

