home page

लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, सरकारी कॉलेज के सहायक प्राध्यापक 50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

 | 
लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, सरकारी कॉलेज के सहायक प्राध्यापक 50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार


खरगोन, 27 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी कार्रवाई के बीच लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार को खरगोन जिले के मंडलेश्वर में सरकारी कॉलेज के एक सहायक प्राध्यापक को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद शैक्षणिक महकमे में हड़कंप मच गया। आरोपित पर एक महिला सहायक प्राध्यापक की पोस्टिंग करवाने के नाम पर 4 लाख रुपए रिश्वत मांगने का आरोप है।

लोकायुक्त इंदौर के अनुसार, मानपुर निवासी मनोज वास्केल ने पुलिस अधीक्षक विशेष पुलिस स्थापना (लोकायुक्त) इंदौर के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी पत्नी उर्मिला वास्केल का चयन पीएससी के माध्यम से सहायक प्राध्यापक पद पर हुआ था। उनकी पोस्टिंग पहले दलौदा (मंदसौर) में हुई थी, जिसे धार कॉलेज में करवाने का दावा करते हुए आरोपी सहायक प्राध्यापक आत्माराम सोलंकी लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायत के मुताबिक आरोपी ने पोस्टिंग घर के नजदीक करवाने के नाम पर 4 लाख रुपए मांगे, जिसमें से वह पहले ही 1 लाख रुपए ले चुका था और शेष राशि की मांग कर रहा था।

जिसके बाद लोकायुक्त टीम द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद बुधवार को आरोपित और आवेदक के बीच बातचीत के अनुसार 50 हजार रुपए की किश्त देने का समय तय हुआ।

आरोपित ने आवेदक को धामनोद बायपास स्थित मधुबन ढाबे पर बुलाया। यहां पहले से तैनात लोकायुक्त की ट्रैप टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आत्माराम सोलंकी को 50 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।

आरोपित के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम-2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

इस कार्रवाई में लोकायुक्त उप पुलिस अधीक्षक सुनील तालान, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक विवेक मिश्रा सहित कुछ अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा