नामांतरण के बदले रिश्वत मांगना पड़ा महंगा, लोकायुक्त ने पटवारी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया
नरसिंहपुर, 01 जून (हि.स.)। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने नरसिंहपुर जिले में सोमवार को एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपित पटवारी जमीन के नामांतरण की प्रक्रिया पूरी करने के एवज में आवेदक से रिश्वत की मांग कर रहा था।
लोकायुक्त पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश और पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। शिकायतकर्ता संदीप कुमार, निवासी पड़रिया (तहसील गोटेगांव), ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक जबलपुर को शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम मुरदई के पटवारी हल्का क्रमांक-41 घनश्याम गढ़वाल उनकी माता के नाम खरीदी गई जमीन के नामांतरण के लिए 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं।
बताया गया कि शिकायतकर्ता की माता ममता देवी ने 29 अप्रैल को ग्राम मुआर में करीब सात एकड़ कृषि भूमि खरीदी थी। जमीन का नामांतरण कराने के लिए पटवारी द्वारा लगातार रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। जांच के दौरान पटवारी 10 हजार रुपये की मांग से घटकर 5 हजार रुपये लेने पर सहमत हो गया।
सोमवार को लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए गोटेगांव स्थित महिंद्रा शोरूम के समीप टीला क्षेत्र में संचालित पटवारी के निजी कार्यालय पर दबिश दी। यहां शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय पटवारी घनश्याम गढ़वाल को रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
आरोपित के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) और 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
लोकायुक्त की ट्रैप कार्रवाई में निरीक्षक राहुल गजभिए, निरीक्षक जितेंद्र यादव सहित जबलपुर इकाई के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार / भागीरथ तिवारी

