home page

जबलपुर लोकायुक्त की कार्रवाई: 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते डाटा एंट्री ऑपरेटर रंगे हाथ गिरफ्तार

 | 
जबलपुर लोकायुक्त की कार्रवाई: 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते डाटा एंट्री ऑपरेटर रंगे हाथ गिरफ्तार


जबलपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने गुरुवार को नरसिंहपुर जिले की गाडरवाड़ा तहसील में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक डाटा एंट्री ऑपरेटर को 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश तथा पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में यह ट्रैप कार्रवाई की गई। आवेदक आशीष कुमार कौरव, निवासी ग्राम बरहटा, तहसील गाडरवाड़ा, जिला नरसिंहपुर ने लोकायुक्त एसपी अंजुलता पटले से शिकायत की थी कि उसने वर्ष 2023 एवं 2024 में खरीदी गई अपनी कृषि भूमि के नक्शा दुरुस्ती के लिए 24 अक्टूबर 2024 को लोक सेवा केंद्र गाडरवाड़ा में आवेदन किया था।

शिकायत के अनुसार, तहसीलदार न्यायालय में पदस्थ डाटा एंट्री ऑपरेटर अजय कुमार श्रीवास्तव ने नक्शा दुरुस्ती का आदेश करवाने और उसकी प्रति उपलब्ध कराने के एवज में 5 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। लोकायुक्त एसपी द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोपी ने कथित तौर पर 5 हजार रुपये की मांग घटाकर 3 हजार रुपये लेने पर सहमति जताई।

इसके बाद गुरुवार को लोकायुक्त द्वारा गठित टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी अजय कुमार श्रीवास्तव ने तहसीलदार न्यायालय कक्ष, गाडरवाड़ा में आवेदक से 3 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।

आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस ट्रैप कार्रवाई में ट्रैप लेइंग ऑफिसर निरीक्षक जितेंद्र यादव के नेतृत्व में निरीक्षक राहुल गजभिये, निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया तथा जबलपुर लोकायुक्त की टीम शामिल रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक