home page

जबलपुर में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: ग्राम रोजगार सहायक 19 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

 | 
जबलपुर में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: ग्राम रोजगार सहायक 19 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार


जबलपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने सोमवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत तिनसी के ग्राम रोजगार सहायक दिलीप कुमार साहू को 19 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार आवेदिका राजकुमारी परस्ते, निवासी ग्राम तिनसी, जिला जबलपुर ने लोकायुक्त एसपी अंजुलता पटले के पास शिकायत दी कि आबादी भूमि पर मकान निर्माण के लिए पट्टा प्राप्त करने के संबंध में जब वह ग्राम तिनसी के सहायक सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक दिलीप कुमार साहू से मिलीं, तो आरोपी ने कहा कि फिलहाल पट्टा नहीं मिलेगा, केवल एनओसी जारी की जाएगी। इसके लिए उसने 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।

शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त एसपी द्वारा मामले का सत्यापन कराया गया। जांच के दौरान आरोपी दिलीप साहू 20 हजार रुपये की मांग से घटाकर 19 हजार रुपये लेने पर सहमत हो गया। शिकायत की पुष्टि होने पर लोकायुक्त जबलपुर ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।

सोमवार को गठित टीम ने ग्राम पंचायत भवन तिनसी में कार्रवाई करते हुए आरोपी दिलीप कुमार साहू को आवेदिका से 19 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है।

इस ट्रैप कार्रवाई का नेतृत्व उप पुलिस अधीक्षक रेखा प्रजापति ने किया। टीम में निरीक्षक राहुल गजभिये सहित लोकायुक्त जबलपुर इकाई के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक