home page

नरसिंहपुर : गाडरवारा तहसील में लोकायुक्त की कार्रवाई, बाबू तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार

 | 
नरसिंहपुर : गाडरवारा तहसील में लोकायुक्त की कार्रवाई, बाबू तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार


नरसिंहपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले की गाडरवारा तहसील में गुरुवार को लोकायुक्त पुलिस, जबलपुर ने रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसील कार्यालय में पदस्थ बाबू अजय कुमार श्रीवास्तव को तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया।

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, बरहटा (बरेली) निवासी आशीष कुमार कौरव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी जमीन के नक्शा दुरुस्ती से संबंधित प्रकरण में आदेश कराने के एवज में बाबू अजय कुमार श्रीवास्तव ने पांच हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। बाद में सौदा तीन हजार रुपये में तय हुआ। शिकायत मिलने पर लोकायुक्त पुलिस ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।

इसके बाद गुरुवार को योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की गई। शिकायतकर्ता को तय राशि लेकर आरोपी के पास भेजा गया। जैसे ही आरोपी ने तीन हजार रुपये स्वीकार किए, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की राशि जब्त कर आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।

कार्रवाई के दौरान आरोपी बाबू ने प्रारंभिक पूछताछ में दावा किया कि वह यह राशि तहसीलदार के कहने पर ले रहा था। हालांकि लोकायुक्त पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह आरोपी का बयान है और इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। मामले में सभी तथ्यों, दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर विवेचना की जा रही है। यदि जांच में किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

लोकायुक्त पुलिस, जबलपुर के निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया ने बताया कि शिकायत का सत्यापन सही पाए जाने के बाद ट्रैप कार्रवाई की गई और आरोपी को तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने तहसीलदार का नाम लिया है, लेकिन इस संबंध में जांच जारी है। दोषी पाए जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / भागीरथ तिवारी