लोकायुक्त की ट्रेप कार्रवाई, प्रधान आरक्षक 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार
जबलपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने शनिवार को मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के दमुआ थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक धर्मदास यादव को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपित ने एक प्रकरण में एफआईआर पर खात्मा लगाने के एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त टीम ने सुनियोजित तरीके से यह कार्रवाई की।
लोकायुक्त से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम डुंगरिया निवासी शारुख खान के खिलाफ उसके मामा शहीद अंसारी ने दमुआ थाने में कथित फर्जीवाड़े के मामले में एफआईआर दर्ज कराई थी। इस प्रकरण में खात्मा लगाने के बदले प्रधान आरक्षक धर्मदास यादव अपने माध्यम से शारुख के ममेरे भाई दानिश अंसारी के जरिए एक लाख रुपये की मांग कर रहा था।
रिश्वत की मांग से परेशान होकर शारुख खान ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक अंजुलता पटले से शिकायत की थी। शिकायत का सत्यापन किए जाने के बाद शनिवार को लोकायुक्त टीम ने ट्रेप की योजना बनाई। इसके तहत थाना दमुआ के बाहर बैंक ऑफ इंडिया के सामने सड़क पर 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए प्रधान आरक्षक को पकड़ लिया गया।
कार्रवाई के बाद आरोपित प्रधान आरक्षक धर्मदास यादव के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई लोकायुक्त पुलिस महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश और पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई। ट्रेप दल में उप पुलिस अधीक्षक रेखा प्रजापति, निरीक्षक राहुल गजभिए और निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया सहित लोकायुक्त जबलपुर के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

