जबलपुर : लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, कलेक्टर कार्यालय का रीडर 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
जबलपुर, 16 जून (हि.स.)। लोकायुक्त पुलिस जबलपुर की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सिवनी स्थित एडीएम कार्यालय में पदस्थ रीडर को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी एक प्रकरण में आवेदक के पक्ष में निर्णय कराने के नाम पर घूस की मांग कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, छपारा निवासी संतोष सिंह सिसोदिया की पैतृक भूमि पर जामुन सहित अन्य वृक्ष लगे हुए थे, जिनका उल्लेख खसरे के कॉलम नंबर-12 में दर्ज था। कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा पेड़ काटे जाने की सूचना उन्होंने संबंधित थाने में दी थी। इसी मामले को लेकर विरोधी पक्ष ने एसडीएम कार्यालय लखनादौन में शिकायत की, जहां आवेदक के विरुद्ध आदेश पारित कर दिया गया।
एसडीएम के आदेश के खिलाफ संतोष सिंह सिसोदिया ने एडीएम कार्यालय में अपील प्रस्तुत की थी। आरोप है कि एडीएम कार्यालय में पदस्थ रीडर माधव प्रसाद तिवारी ने अपीलकर्ता के पक्ष में फैसला कराने के एवज में 30 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। बाद में सौदा 20 हजार रुपये में तय हुआ।
शिकायत मिलने पर लोकायुक्त पुलिस जबलपुर ने सत्यापन के बाद मंगलवार 16 जून को जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान रीडर माधव प्रसाद तिवारी को एडीएम कार्यालय सिवनी में 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। ट्रैप कार्रवाई में निरीक्षक उमा कुशवाह, निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया सहित लोकायुक्त जबलपुर की टीम शामिल रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

