जबलपुर लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई : 25 हजार की रिश्वत लेते लिपिक रंगे हाथ गिरफ्तार
जबलपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देशों के तहत लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने बुधवार को नरसिंहपुर में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए नगर पालिका परिषद के एक लिपिक को 25 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।
लोकायुक्त एसपी अंजुलता पटले के अनुसार, आवेदक भीष्म नारायण सिंह राजपूत, निवासी शांति नगर दमोह नाका जबलपुर, को वर्ष 2025 में पेवर ब्लॉक लगाने का टेंडर मिला था। कार्य पूर्ण होने के बाद भी भुगतान प्रक्रिया से जुड़े एफडीआर और बैंक गारंटी रिलीज करने के एवज में नगर पालिका परिषद नरसिंहपुर की लोक निर्माण शाखा में पदस्थ लिपिक संजय कुमार तिवारी द्वारा 52 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी।
आरोपी द्वारा रिश्वत नहीं देने पर एफडीआर और बैंक गारंटी रोकने तथा भविष्य में काम नहीं देने की धमकी भी दी जा रही थी। शिकायत के बाद एसपी ने उसका सत्यापन कराया। उचित पाये जाने के बाद टीम गठित की गई। लोकायुक्त टीम ने योजना बनाकर इस पर कार्रवाई की। बातचीत के दौरान आरोपी 38 हजार रुपये लेने को तैयार हो गया, जिसमें से आवेदक ने 25 हजार रुपये की व्यवस्था की।
बुधवार को लोकायुक्त टीम ने नगर पालिका परिषद नरसिंहपुर के कंप्यूटर कक्ष में आरोपी संजय तिवारी को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(B) और 13(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में दल प्रभारी निरीक्षक राहुल गजभिए, टीएलओ निरीक्षक बृज मोहन सिंह नरवरिया सहित लोकायुक्त जबलपुर की टीम शामिल रही। लोकायुक्त की इस कार्रवाई से नगर पालिका सहित अन्य विभागों में हड़कंप मच गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

