home page

कटनी नगर निगम में 20 हजार की रिश्वत लेते लिपिक गिरफ्तार

 | 
कटनी नगर निगम में 20 हजार की रिश्वत लेते लिपिक गिरफ्तार


जबलपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.) मध्य प्रदेश के कटनी नगर निगम में जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। नगर निगम की संपदा शाखा में पदस्थ द्वितीय श्रेणी लिपिक आलोक गर्ग को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। कार्रवाई नगर निगम के कक्ष क्रमांक 41 में की गई। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

लोकायुक्त से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता अशोक कुमार कनकने (69) ने वर्ष 2025 में कटनी नगर निगम से 2,000 वर्गफुट का प्लॉट लीज पर लिया था। इस जमीन पर गोदाम बनाने के लिए लोन लेने के उद्देश्य से वे बैंक ऑफ बड़ौदा पहुंचे थे। बैंक प्रबंधन ने लोन प्रक्रिया के लिए नगर निगम से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) लाने को कहा था।

इसके बाद अशोक कुमार कनकने ने 24 सितंबर 2026 को नगर निगम में एनओसी के लिए आवेदन दिया।

आरोप है कि एनओसी जारी करने के बदले संपदा शाखा में पदस्थ लिपिक आलोक गर्ग ने उनसे 25 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। बाद में आरोपी 20 हजार रुपए लेने के लिए तैयार हो गया।

शिकायत के आधार पर जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 को शिकायतकर्ता ने नगर निगम की संपदा शाखा स्थित कक्ष क्रमांक 41 में आरोपी को 20 हजार रुपए दिए।

इसी दौरान लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए लिपिक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश और पुलिस उपमहानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

ट्रैप दल में ट्रैप लायजन अधिकारी रेखा प्रजापति, निरीक्षक राहुल गजभिए, निरीक्षक शशि मस्कुले सहित लोकायुक्त जबलपुर की टीम शामिल रही।

आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) और 13(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक