home page

नाले की सफाई के दौरान पलटी जेसीबी, ऑपरेटर की मौत

 | 

नई दिल्ली, 16 अप्रैल (हि.स.)। दक्षिण जिले के लोधी कॉलोनी इलाके में नाले की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। दयाल सिंह कॉलेज के पास चल रहे कार्य के दौरान जेसीबी मशीन असंतुलित होकर पलट गई, जिससे उसके नीचे दबकर ऑपरेटर की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दक्षिण जिले के पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने गुरुवार को बताया कि बुधवार को निर्माण स्थल पर ड्रेन की सफाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान जेसीबी मशीन करीब 16 फीट गहरे नाले में पत्थर डाल रही थी। अचानक नाले का किनारा धंस गया और मशीन का संतुलन बिगड़ने से वह पलट गई। हादसे में मशीन चला रहा अभिषेक (23) नीचे दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस व पीसीआर टीम मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक अभिषेक उप्र के एटा जिले का रहने वाला था और ठेकेदार के माध्यम से यहां काम कर रहा था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह कार्य एक सरकारी परियोजना के तहत किया जा रहा था। जिसे डीएमआरसी द्वारा एक निजी कंपनी को सौंपा गया था। वहीं, जेसीबी मशीन भी दूसरी कंपनी से किराये पर ली गई थी। जांच में यह भी पता चला है कि कार्य स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं थे और नाले का किनारा भी मजबूत नहीं किया गया था, जिससे हादसा हुआ। स्थानीय पुलिस के अलावा क्राइम टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और ठेकेदार एवं अन्य एजेंसियों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी