home page

मैरवा थाना से बाइक चोर फरार, हाजत की दीवार तोड़कर भागा आरोपी

 | 

सीवान, 28 फ़रवरी (हि.स.)।

सीवान जिले के मैरवा थाना में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। चोरी के आरोप में गिरफ्तार एक बाइक चोर शुक्रवार की देर रात हाजत की दीवार तोड़कर फरार हो गया।

इस सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। फरार आरोपी की पहचान रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के आदमापुर निवासी नसरूल्लाह के पुत्र फिरोज अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने 26 फरवरी को इंग्लिश मोड़ से फिरोज अंसारी और दिनेश राजभर के पुत्र विशाल कुमार को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया था।

शुक्रवार को एसपी द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिरफ्तारी की जानकारी भी दी गई थी। प्रेस वार्ता के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत नहीं कर पुनः थाने लाया गया। बीती रात करीब साढ़े 12 बजे फिरोज अंसारी हाजत के बगल स्थित वाशरूम में गया। वहीं से उसने दीवार तोड़कर बगल के कमरे में प्रवेश किया और कमरे की खिड़की का लोहे का रॉड निकालकर आराम से फरार हो गया।

घटना की जानकारी पुलिस को रात करीब एक बजे हुई, लेकिन तब तक आरोपी काफी दूर निकल चुका था।

घटना की सूचना मिलते ही पुरन कुमार झा मैरवा थाना पहुंचे और ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं सुरक्षाकर्मियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने ऑन ड्यूटी ओडी ऑफिसर और संतरी के खिलाफ एक घंटे के अंदर रिपोर्ट तलब की है। एसपी के लौटने के बाद गौरी कुमारी भी थाने पहुंचीं और मामले की गहन जांच शुरू कर दी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma