15 लाख की चोरी मामले में चार गिरफ्तार, एक फरार
कानपुर, 23 मार्च (हि.स.)। गुजैनी थाना क्षेत्र में बंद पड़े मकान से ज्वेलरी और नकदी समेत करीब 15 लाख रुपये की चोरी करने वाले चार शातिरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपित अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 21 अमेरिकी डॉलर, दो-दो के नोट, 15 यूएई दिरहम, चोरी की ज्वेलरी, घटना में प्रयुक्त बाइक, चोरी के पैसों से खरीदी गई ढाई लाख रुपये की एक स्पोर्ट्स बाइक तथा 5750 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरोह का एक सदस्य अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने सोमवार को घटना का खुलासा करते हुए बताया कि बर्रा-8 के रहने वाले सतीश पांडेय एक मार्केटिंग कंपनी में मैनेजर के पद पर तैनात हैं। परिवार में मां मीरा और पिता दिनेश पांडेय हैं। मां को स्पाइन की परेशानी है। बीती 15 दिसंबर को लखनऊ में उनका ऑपरेशन हुआ था। अस्पताल से छुट्टी होने के बाद वह पिता के साथ लखनऊ में रह रही थीं।
सतीश ने बताया कि मां का रुटीन चेकअप कराने के लिए 12 जनवरी को वह लखनऊ गए थे। इसके बाद वह किसी काम के सिलसिले में टूर पर चले गए थे। सुरक्षा की दृष्टि से पूरे घर में सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं, जिनकी गतिविधियां वह अपने मोबाइल पर देखा करते थे। एक फरवरी को अचानक सीसीटीवी कैमरों ने काम करना बंद कर दिया, जिस पर उन्हें लगा कि कोई तकनीकी खराबी होगी। 04 फरवरी को जब वह वापस घर लौटे तो देखा कि घर का मुख्य दरवाजा बंद मिला, लेकिन कमरों के सभी ताले टूटे हुए थे और अलमारी का सामान बिखरा हुआ था। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे भी क्षतिग्रस्त पाए गए। जांच करने पर अंदेशा हुआ कि घर में ज्वेलरी और नकदी समेत करीब 15 लाख रुपये की चोरी हो चुकी है।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें पांच संदिग्ध दिखाई दिए। मुखबिर की सूचना पर पतरसा मोड़ के पास से चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए शातिरों की पहचान गुजैनी निवासी ईशु गौतम, सोनू उर्फ अभिषेक, अजय राजपूत और प्रकाश गौतम उर्फ पोली के रूप में हुई है। पकड़े गए सभी शातिर चोर हैं। प्रकाश के खिलाफ चोरी के सात, ईशु के खिलाफ तीन, सोनू के खिलाफ तीन और अजय के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज है। पूछताछ में यह भी पता चला कि उनका एक साथी रॉबिन अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

