छत पर सोती रहीं मां-बेटी, चोरों ने काट दी कुंडी, 50 लाख के जेवर और नकदी पार
बांदा, 14 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में नरैनी कोतवाली क्षेत्र के नहरी गांव स्थित लक्ष्मी बाजार में अज्ञात चोरों ने एक घर में घुसकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घटना के समय घर में मौजूद मां और बेटी गर्मी के कारण छत पर सो रही थीं, जिससे चोरों को वारदात को अंजाम देने का मौका मिल गया।
जानकारी के अनुसार, नहरी गांव निवासी महेंद्र करवरिया पुत्र श्यामलाल के घर में शनिवार देर रात चोरी की घटना हुई। महेंद्र के बड़े भाई रघुवंश ने बताया कि रात करीब एक बजे से चार बजे के बीच अज्ञात चोरों ने घर के दरवाजे और गैलरी की कुंडी कटर से काटकर भीतर प्रवेश किया। उस समय घर में महेंद्र की पत्नी आशा देवी और बेटी अंजली छत पर सो रही थीं। चोरों की आहट तक उन्हें नहीं लग सकी।
पीड़िता आशा देवी ने बताया कि क्षेत्र में बिजली का वोल्टेज काफी कम था। गर्मी से परेशान होकर वह बेटी के साथ छत पर सोने चली गई थीं। सुबह करीब 4.20 बजे जब वह नीचे उतरीं तो घर के ताले टूटे मिले। जिस कमरे में जेवरात रखे थे, उसकी कुंडी कटर से काटी गई थी। गैलरी का दरवाजा भी क्षतिग्रस्त था। यह देखकर उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद पड़ोसी मौके पर पहुंच गए।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक भास्कर मिश्रा, क्राइम इंस्पेक्टर अर्जुन सिंह, चौकी प्रभारी अनिल कुमार साहू और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान गांव के पास पहाड़ी के नीचे टूटे हुए खाली बक्से और बिखरा सामान बरामद हुआ। आशंका है कि चोर बक्से वहां ले गए और उनमें रखे जेवरात निकालकर बक्से फेंककर फरार हो गए।
आशा देवी के अनुसार चोर सोने का हार, सोने की चूड़ियां, मंगलसूत्र, बेसर, बेंदी, झुमकी समेत करीब 50 लाख रुपये मूल्य के जेवरात और 06 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए।
घटना के बाद पूरे गांव और मोहल्ले में दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासी प्रशांत पांडे, पप्पू अहिरवार और सिद्धपाल ने बताया कि बीच बाजार स्थित घर में हुई इस बड़ी चोरी से लोग भयभीत हैं और पुलिस से जल्द खुलासे की मांग कर रहे हैं।
प्रभारी निरीक्षक भास्कर मिश्रा ने रविवार को बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य जुटाए गए हैं और जल्द ही घटना में शामिल चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

