home page

यमुनानगर:कम ब्याज के नाम पर महिला से लाखों की वसूली, गहने व दस्तावेज लौटाने से इंकार

 | 

यमुनानगर, 26 फ़रवरी (हि.स.)। यमुनानगर में कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने का झांसा देकर एक महिला से लाखों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने थाना फर्कपुर में शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

शिकायतकर्ता गुरविंद्र कौर ने गुरुवार काे बताया कि निजी कार्यों के लिए उसे करीब 2.30 लाख रुपये की आवश्यकता थी। आर्थिक जरूरत के चलते वह अपने सोने-चांदी के आभूषण बेचने की सोच रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक सुनार दुकान संचालक अमित कुमार से हुई, जिसने गहने बेचने के बजाय कम ब्याज पर ऋण देने का प्रस्ताव रखा। आरोपी ने मात्र एक प्रतिशत मासिक ब्याज पर रकम उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया, जिस पर विश्वास करते हुए महिला ने अपने आभूषण उसे सौंप दिए। शिकायतकर्ता के अनुसार अगले दिन मुलाकात के दौरान आरोपी ने गहनों की कीमत कम आंकते हुए 2.30 लाख रुपये देने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा राशि की मांग की। इस दौरान उसके बेटे सिमरनजीत सिंह का मोबाइल फोन गिरवी रख लिया गया। आरोप है कि महिला और उसके बेटे से खाली कागजों पर हस्ताक्षर कराए गए, साथ ही दो चेक और खाली स्टांप पेपर भी अपने कब्जे में ले लिए गए। इसके बाद ही ऋण राशि दी गई। महिला का कहना है कि दो माह बाद आरोपी ने तय शर्तों को बदलते हुए ब्याज दर बढ़ाकर पांच प्रतिशत मासिक कर दी। खाली दस्तावेजों और चेक का दबाव बनाकर हर माह भारी रकम वसूली गई। आरोप है कि 2.30 लाख रुपये के बदले अब तक करीब पांच लाख रुपये ले लिए गए, जिनकी रसीदें भी मौजूद हैं। इसके बावजूद आरोपी ने न तो आभूषण लौटाए और न ही गिरवी रखा मोबाइल व दस्तावेज वापस किए। आरोपी ने अतिरिक्त बकाया राशि की मांग करते हुए कथित तौर पर प्रभावशाली लोगों से संबंध होने की धमकी दी गई। थाना फर्कपुर पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार