home page

पत्नी ने प्रेमी के साथ रची पति की हत्या की साजिश, पुलिस ने अंधे कत्ल का किया खुलासा

 | 
पत्नी ने प्रेमी के साथ रची पति की हत्या की साजिश, पुलिस ने अंधे कत्ल का किया खुलासा


सतना, 09 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले के जैतवारा थाना क्षेत्र में हुए एक सनसनीखेज अंधे हत्याकांड का पुलिस ने सोमवार को पर्दाफाश कर दिया। इस मामले में मृतक की पत्नी ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार 4 मार्च की रात 45 वर्षीय कौशलेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ डब्बू अचानक घर से लापता हो गए थे। परिजन उनकी तलाश कर ही रहे थे कि 5 मार्च को गांव के बाहर नदी किनारे उनका लहूलुहान शव मिला। शव पर सिर में गंभीर चोटों के निशान और घसीटे जाने के संकेत मिले थे, जिसके बाद मामला हत्या का माना गया।

थाना प्रभारी अभिषेक पांडेय के नेतृत्व में जब पुलिस ने जांच शुरू की तो शक की सुई मृतक की पत्नी कुसुम सिंह पर जा टिकी। पूछताछ में उसके बयान बार-बार बदल रहे थे। इसके बाद पुलिस ने साइबर सेल की मदद से कॉल डिटेल खंगाली, जिसमें सामने आया कि घटना के दिन उसकी लगातार बातचीत बांदा निवासी संदीप पटेल (32) से हो रही थी।

पुलिस ने घेराबंदी कर संदीप पटेल को बांदा से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने हत्या की साजिश का खुलासा किया। बताया गया कि संदीप और मृतक कौशलेन्द्र गुजरात में साथ काम करते थे। वहीं संदीप का मृतक की पत्नी कुसुम सिंह से प्रेम संबंध हो गया था, जिसका कौशलेन्द्र विरोध करता था। यही विवाद उसकी हत्या का कारण बना।

जांच में सामने आया कि संदीप 3 मार्च को गुजरात से निकला और 4 मार्च को सतना पहुंच गया। उसी शाम उसने कौशलेन्द्र को शराब पिलाने के बहाने नदी किनारे बुलाया। जब वह नशे में हो गया तो संदीप ने उसके सिर पर भारी पत्थर से कई वार कर हत्या कर दी। इसके बाद शव को नदी में फेंकने का प्रयास किया और उसी रात मोटरसाइकिल से वापस बांदा फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और खून से सना पत्थर बरामद कर लिया है। आरोपी कुसुम सिंह उर्फ रीना और संदीप पटेल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।

अंधे कत्ल की इस गुत्थी को सुलझाने में जैतवारा पुलिस और साइबर सेल की भूमिका महत्वपूर्ण रही, जिन्होंने तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी