मंदसौरः डॉक्टर को जान से मारने की धमकी देने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार
मंदसौर, 11 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर में डॉक्टर के घर और अस्पताल में जबरन घुसकर 5 लाख रुपये की मांग करने और रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोतवाली पुलिस ने एक महीने से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान लोकेश (30) पुत्र दशरथ भांभी निवासी ग्राम रलायता, मंदसौर के रूप में हुई है।
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि 7 जुलाई को दशरथ नगर रोड निवासी डॉ. योगेंद्र कोठारी (43) ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि लोकेश भांभी उनके घर और अस्पताल में जबरन घुसा और 5 लाख रुपये की मांग की। रुपये देने से मना करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और गाली-गलौज की। शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 308(5), 331(4), 331(5), 351(3) और 296(बी) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। करीब एक महीने से फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। इसी दौरान आरोपी के मंदसौर के 10 नंबर नाका क्षेत्र में होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी लोकेश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

