सआदतगंज का तिहरा हत्याकांड: 25 हजार की इनामी दिव्या शुक्ला गिरफ्तार, 08 लोगों की हो चुकी गिरफ्तारी
लखनऊ, 01 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सआदतगंज थानाक्षेत्र में नौबस्ता ब्राह्मणी टोला में हुए तिहरे हत्याकांड में पुलिस ने रविवार काे एक और आरोपित दिव्या शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया। इस घटनाक्रम में अब तक कुल आठ लोग पकड़े जा चुके हैं।
थाना प्रभारी अशोक कुमार सोनकर ने बताया कि 25 हजार रुपये के इनामी दिव्या शुक्ला को पश्चिम जोन की सर्विलांस और पुलिस ने सयुंक्त कार्रवाई में आज कूड़ा चौराहे से गिरफ्तार किया गया है। इस घटनाक्रम में पहले सात आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके थे। आराेपित दिव्या शुक्ला की गिरफ्तारी के साथ ही सभी आठ नामजद आरोपित पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जा चुके हैं। वारदात के बाद से ही दिव्या फरार चल रही थी, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस आयुक्त की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम रखा गया था।
उल्लेखनीय है कि 26 अक्टूबर को चबूतरा निर्माण और खाली जमीन पर वाहनों की पार्किंग को लेकर हुए विवाद में मुख्य आरोपित ऋषभ शुक्ला ने पड़ोसी राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ (आरएसएस) के जिला सर कार्यवाह शिवाजी तिवारी, उनके भाई शिवेंद्र तिवारी और बेटे सुयश की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित समेत सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में आज दिव्या की गिरफ्तारी से अब संख्या आठ हो गई। पुलिस सभी आराेपिताें के खिलाफ आगे की कार्रवाई कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

