लखनऊ : तिहरे हत्याकांड में फरार एक और आरोपित गिरफ्तार
लखनऊ, 31 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के लखनऊ में हुए तिहरे हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपित ऋषभ शुक्ला के करीबी राजेश शुक्ला को सआदतगंज थाना पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आराेपित पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वहीं, इस मामले में लगातार कार्रवाई जारी है। दारोगा शिव कुमार यादव समेत चार पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है।
थाना प्रभारी अशोक कुमार सोनकर ने बताया कि सआदतगंज थानाक्षेत्र स्थित ब्राह्मण टोला में बीती 26 अक्टूबर को कार पार्किंग को लेकर हुए झगड़े में मुख्य आरोपित ऋषभ शुक्ला ने पड़ोसी राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ (आरएसएस) के जिला सर कार्यवाह शिवाजी तिवारी, उनके भाई शिवेंद्र तिवारी और बेटे सुयश की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया था।
थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपित राजेश फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम रखा गया था। शनिवार को पुलिस ने इनामी आरोपित राजेश को पारा रोड स्थित हंसनर पुलिया तिकुनिया के पास से गिरफ्तार कर लिया है। आराेपित के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

