इंस्टाग्राम पर बातचीत बनी हत्या की वजह: लिव-इन पार्टनर का गला दबाकर कत्ल
जयपुर, 13 मई (हि.स.)। राजधानी के मुरलीपुरा थाना इलाके में महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए उसके लिव-इन पार्टनर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने सोशल मीडिया पर अन्य लोगों से बातचीत को लेकर हुए विवाद में महिला का गला दबाकर हत्या कर दी थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी एक महिला मित्र की हत्या के मामले में जेल जा चुका है।
मृतका की पहचान टोंक जिले के बनेठा निवासी 25 वर्षीय अंबिका कुमारी बैरागी के रूप में हुई है। हत्या के आरोप में पुलिस ने चितानी निवासी रामकल्याण गुर्जर को गिरफ्तार किया है। दोनों पिछले करीब तीन महीने से जयपुर के मुरलीपुरा स्थित जीवनदीप कॉलोनी में किराए के मकान में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे।
डीसीपी प्रशांत किरण ने बताया कि 9 मई को पुलिस को जीवनदीप कॉलोनी के एक मकान में महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को मकान मालिक ने बताया कि महिला के साथ रहने वाला युवक घटना के बाद से गायब है। जांच में सामने आया कि मृतका अंबिका फरवरी 2026 से लापता थी और उसकी गुमशुदगी टोंक के बनेठा थाने में दर्ज थी। परिजनों की शिकायत पर मुरलीपुरा थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने आसपास के सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें आरोपी 8 मई को मकान में आते-जाते दिखाई दिया। तकनीकी साक्ष्यों और आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस ने उसका पीछा किया और सवाई माधोपुर जिले के चौथ का बरवाड़ा रेलवे स्टेशन से हिरासत में लेकर जयपुर लाकर गिरफ्तार कर लिया।
पड़ताल में सामने आया कि आरोपी और मृतका ने लिव-इन रिलेशनशिप के दस्तावेज भी तैयार कर रखे थे। दोनों उज्जैन, वैष्णो देवी और मंडफिया सहित कई धार्मिक स्थलों की यात्राएं भी कर चुके थे। मई माह में वे जयपुर में किराए के मकान में रहने लगे थे।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि अंबिका इंस्टाग्राम के जरिए अन्य लोगों से बातचीत करती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आकर उसने 8 मई को महिला का गला दबाकर हत्या कर दी और फरार हो गया।
जांच में आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार वह पहले भी सांगानेर इलाके में एक महिला मित्र की गला दबाकर हत्या कर चुका है, जिसमें वह करीब चार साल जेल में रहा। जनवरी 2025 में जमानत पर बाहर आने के बाद उसने उनियारा क्षेत्र में ड्राई फ्रूट चोरी की वारदात को भी अंजाम दिया था।
मुरलीपुरा थानाधिकारी वीरेन्द्र कुरील के नेतृत्व में गठित विशेष टीमों ने कुछ ही घंटों में इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा दी। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और उसके अन्य आपराधिक मामलों की भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

