चोपड़ा बाजार में व्यक्ति के बैग से गिरा जिंदा बम, दो पकड़े गए
उत्तर दिनाजपुर, 06 मई (हि.स.)। जिले के चोपड़ा के कालागछ बाजार में बुधवार को अचानक हुई मारपीट के दौरान एक व्यक्ति के बैग से सड़क पर बम गिरने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को पकड़ा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बाजार में दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया। इसी दौरान धक्का-मुक्की के बीच एक व्यक्ति के बैग से अचानक जिंदा बम नीचे गिर गया। बाजार के बीचों-बीच बम देखते ही लोग भड़क उठे और आरोपित को घेर लिया।
घटना के बाद सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है।
भाजपा नेता श्यामल सरकार ने दावा किया कि कुछ लोग जानबूझकर इलाके में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे है।
मौके पर मौजूद लोगों की सतर्कता से दो आरोपितों को पकड़ लिया गया। सूचना पाकर पुलिस अधिकारी केशव बड़ाल और डीएसपी राहुल बर्मन टीम के साथ पहुंचे और दोनों को भीड़ से बचाकर हिरासत में लिया।
बम को निष्क्रिय करने के लिए बम स्क्वॉड को बुलाया गया है और पूरे इलाके को घेर लिया गया है। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात है।
स्थानीय भाजपा नेताओं का आरोप है कि वसूली का विरोध करने पर उन पर हमला किया गया।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस घटना के पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

