पुलिस ने बिहार जा रही कार में शराब की खेप पकड़ी, युवक गिरफ्तार
देवरिया, 02 जून (हि.स.)। देवरिया जनपद में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सलेमपुर पुलिस ने मंगलवार को एक लग्जरी कार से 61 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब, फर्जी नंबर प्लेट और शराब बिक्री के 23,050 रुपये नकद बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को सलेमपुर पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक सूचना पर नदावर पुल के पास एक रिनाल्ट किगर कार को रोक कर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार पर लगी नंबर प्लेट फर्जी पाई गई। वाहन से पांच पेटी इंपीरियल ब्ल्यू, एक पेटी रॉयल स्टैग (180 एमएल) तथा एक पेटी रॉयल स्टैग (375 एमएल) बरामद हुई। कुल मिलाकर 61 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से शराब बिक्री के 23,050 रुपये नकद भी बरामद किए।
कार सवार युवक को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने अपना नाम हरियाणा के सोनीपत निवासी l प्रमोद कुमार (28) बताया। बरामद शराब, वाहन और नकदी की कुल अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये है। अभियुक्त शराब बिहार ले जा रहा था। इस संबंध में थाना सलेमपुर पर आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

