बांदा : पुलिस ने 675 क्वार्टर शराब के साथ दो आरोपितों को दबोचा, कार से कर रहे थे तस्करी
बांदा, 03 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बदौसा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कार के जरिए अवैध देशी शराब ले जा रहे दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 675 क्वार्टर अवैध देशी शराब (15 पेटी) बरामद की है। शराब के परिवहन में प्रयुक्त चार पहिया वाहन को भी सीज कर दिया गया है।
थानाध्यक्ष राधाकृष्ण तिवारी ने बताया कि अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण तथा अवैध शराब की बिक्री और निष्कर्षण करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना बदौसा पुलिस ने 2/3 सितंबर की देर रात गश्त और चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की।
पुलिस ने तुर्रा पुल के पास से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से मस्तीह ब्रांड की 675 क्वार्टर अवैध देशी शराब, कुल 15 पेटियां, बरामद की गईं। शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक चार पहिया गाड़ी को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर सीज कर दिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान वैभव पुत्र धनपद निवासी कस्बा अतर्रा, थाना अतर्रा, जनपद बांदा तथा विनय पुत्र शिवभवन निवासी कस्बा अतर्रा, थाना अतर्रा, जनपद बांदा के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

