स्कूटी से शराब ले जा रहा तस्कर गिरफ्तार, पोखर के पास से 925 लीटर शराब बरामद
दरभंगा। , 24 अक्टूबर (हि.स.)। दरभंगा जिला अंतर्गत पर्व-त्योहारों के मद्देनजर अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मद्यनिषेध विभाग की टीम ने सदर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके पास से स्कूटी पर ले जाई जा रही 23.400 लीटर देशी नेपाली शराब बरामद हुई। उसकी निशानदेही पर पोखर के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी गई 925.500 लीटर शराब भी जब्त की गई। इस प्रकार कुल 948.900 लीटर शराब बरामद की गई।
सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध के अनुसार, पुरा के निकट वाहन जांच के दौरान सदर प्रखंड के काकरघाटी निवासी शम्भू कुमार यादव को स्कूटी से शराब ले जाते पकड़ा गया। मौके से स्कूटी भी जब्त कर ली गई।
गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर टीम ने घटनास्थल से करीब 200 मीटर आगे पोखर के आसपास तलाशी ली। इस दौरान झाड़ियों में छिपाकर रखी गई शराब बरामद हुई।
जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध छापेमारी, वाहन जांच एवं गश्ती अभियान चलाया जा रहा है। विभाग अब शराब कारोबार से जुड़े संभावित नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों की जानकारी जुटा रहा है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
विभाग ने बताया कि पर्व-त्योहारों के दौरान अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी और जांच अभियान तेज रहेगा। आम नागरिकों से भी ऐसी गतिविधियों की सूचना प्रशासन को देने की अपील की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

